हैदराबाद: तेलंगाना सरकार ने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राज्य में नॉन-डेयरी, आर्टिफिशियल या एनालॉग पनीर पर एक साल के लिए बैन लगा दिया है. तेलंगाना में अब न तो एनालॉग पनीर बनाया जा सकेगा और न ही इसकी बिक्री की जा सकेगी। इतना ही नहीं, सरकार ने राज्य में एनालॉग पनीर के प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, स्टोरेज और डिस्ट्रीब्यूशन पर भी एक साल के लिए रोक लगा दी है। यह आदेश, जो तुरंत लागू हो गया है, आधिकारिक गजट में जारी कर दिया गया है।
तेलंगाना खाद्य और आवश्यक दवा मानक प्राधिकरण ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि तेलंगाना खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने जनस्वास्थ्य के हित में पूरे राज्य भर में किसी भी रूप में नॉन-डेयरी, आर्टिफिशियल या एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। बयान के अनुसार, यह प्रतिबंध 10 सितंबर से शुरू होकर एक साल के लिए तुरंत लागू हो गया है।
असली पनीर की तरह दिखता है एनालॉग पनीर
सरकार की तरफ से लगाई गई ये रोक उन नकली पनीर उत्पादों के लिए है जो पारंपरिक डेयरी पनीर जैसे ही दिखते हैं, लेकिन इन्हें वेजिटेबल फैट, खाने के तेल, स्टार्च और अन्य नॉन-डेयरी उत्पादों से बनाया जाता है। अधिकारियों ने पाया कि इन उत्पादों को अकसर असली दूध से बने पनीर के नाम पर धोखे से बेचा जाता है, जिसके कारण कड़े नियम लागू करने पड़े हैं।

























