Women’s Junior Hockey Asia Cup 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया, सेमीफ़ाइनल में की एंट्री

5

Women’s Junior Hockey Asia Cup 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और 19-0 से बड़ी जीत हासिल की। भारत ने इस जीत के साथ सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है. गुरुवार को चीन के मोकी स्टेडियम में खेले गए इस क्वार्टर फाइनल के मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मैच के चारों क्वार्टर में गोल किए। इसके उलट, पाकिस्तान पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर पाया और भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराकर महिला जूनियर एशिया कप के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली।

भारत ने शुरुआती पांच मिनट में ही दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल करके दबाव बना लिया। वीडियो रिव्यू के बाद एक गोल को अमान्य करार दिया गया। इसके बाद, सातवें मिनट में पूजा साहू ने भारत को बढ़त दिलाई। दो मिनट बाद रोशनी ने दूसरा गोल किया, जिससे स्कोर 2-0 हो गया।

पहले क्वार्टर के बाकी समय में तनुश्री काडू ने डिफ्लेक्शन से गोल किया, जबकि सुखबीर कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला। सानिका माने के गोल के साथ भारत ने पहले क्वार्टर का समापन 5-0 की बढ़त के साथ किया।

दूसरे क्वार्टर में मधु सिदार और गीता यादव ने गोल किए। इसके बाद सानिका, तनुजा टोपो और पूजा मलिक के गोलों की बदौलत हाफटाइम तक भारत का स्कोर 10-0 हो गया। भारत ने तीसरे क्वार्टर में तीन और गोल किए। पूर्णिमा यादव, मधु और सुप्रिया ने गोल करके पाकिस्तान की वापसी की बची-खुची उम्मीदें भी खत्म कर दीं।

भारत ने आखिरी क्वार्टर में भी दबाव बनाए रखा। कृष्णा शर्मा ने एक गोल किया, जिसके बाद पूजा मलिक ने अपनी हैट्रिक पूरी की। सुप्रिया ने एक और गोल किया, जबकि बिनीमा धन और रोशनी ऐंड ने आखिरी दो गोल करके भारत की 19-0 से जीत पक्की कर दी। रोशनी ने 60वें मिनट में भारत का 19वां गोल किया और इसके साथ ही भारत ने सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली।

भारत को 18 पेनल्टी कॉर्नर मिले

पूरे मैच के दौरान भारत को 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला। वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान न तो कोई गोल कर पाया और न ही उन्हें कोई पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक मिला।

शनिवार को होने वाले सेमी-फ़ाइनल में भारत का मुक़ाबला कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर-फ़ाइनल मैच के विजेता से होगा।

बता दे कि भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के ग्रुप मैच के मुकाबले में जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। अब टीम खिताब से महज दो कदम ही दूर है। सेमीफाइनल और फाइनल जीतने पर भारतीय टीम लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर सकती है।