चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार, 12 सितंबर को नई दिल्ली पहुँचे। वे भारत मंडपम में भारत की मेज़बानी में हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए हैं। जिनपिंग का प्लेन दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड किया। जिनपिग का वेलकम वाणिज्य और उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने किया। शी, ब्रिक्स समिट से इतर PM मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे, जिसमें कई अहम मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।
7 साल बाद भारत आए शी जिनपिंग
बता दें कि यह सात सालों में शी जिनपिंग की भारत की पहली यात्रा है। शी ने पिछली बार अक्टूबर 2019 में चेन्नई के पास मल्लापुरम में पीएम मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत की यात्रा की थी। उससे पहले, उन्होंने 2016 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए गोवा का दौरा किया था।
शी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब नई दिल्ली और बीजिंग, ‘लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल’ (LAC) पर तनाव और 2020 की गलवान झड़प के बाद अपने द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दे कि भारत की अध्यक्षता में 12 और 13 सितंबर को हो रहे इस दो-दिवसीय शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स समूह के नेता अहम वैश्विक और आर्थिक चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए एक साथ जुट रहे हैं।
पीएम मोदी-शी की बैठक पर सबकी नज़र
समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी के बीच एक द्विपक्षीय बैठक तय है. सबकी नजरें दोनों नेताओं की इस मुलाकात पर टिकी हैं. जिनपिंग और मोदी की मुलाकात आज शाम 5 बजकर 45 मिनट पर होगी.
यह बैठक इसलिए अहम है क्योंकि दोनों देश 2020 की घातक गलवान झड़पों के बाद अपने द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने की गति को बनाए रखना चाहते हैं; इसमें सीमा प्रबंधन, व्यापार और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान जैसे मुद्दे बातचीत के मुख्य विषय हैं। भारत ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास और प्रगति के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना एक प्रमुख शर्त है.
भारत ने विस्तारित ब्रिक्स (BRICS) की मेज़बानी की
यह शिखर सम्मेलन भारत की थीम “मज़बूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण” के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें ग्लोबल गवर्नेंस, आर्थिक सहयोग और विकासशील देशों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

























