पंजाब में SIR अभियान को रफ्तार: दो दिवसीय विशेष शिविरों में 30 लाख से अधिक गणना प्रपत्र जमा

5

चंडीगढ़:

पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिल रही है। राज्यभर में 11 और 12 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविरों के दौरान 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) भरकर जमा कराए। यह जानकारी पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष शिविर लगाए गए, जहां मतदाताओं ने अपने भरे हुए गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास जमा कराए। उन्होंने कहा कि अभियान को लोगों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है और बड़ी संख्या में मतदाता इसमें भाग ले रहे हैं।

अनिंदिता मित्रा के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू होने के बाद पिछले 18 दिनों में 1.30 करोड़ से अधिक मतदाता अपने गणना प्रपत्र जमा करा चुके हैं। इसके साथ ही घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है, जो 24 जुलाई, 2026 तक चलेगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उन मतदाताओं से विशेष अपील की है, जिन्होंने अभी तक अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं कराए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी पात्र मतदाता बिना किसी देरी के अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने प्रपत्र जमा कराएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 3 अगस्त, 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए समय पर गणना प्रपत्र जमा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए निर्वाचन विभाग लगातार विशेष शिविरों और घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच बना रहा है।