आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सोमवार को कानूनी मुश्किल में फंस गए . दिल्ली पुलिस ने बंगला साहिब गुरुद्वारे में हंगामे के मामले में अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। बता दे कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) की शिकायत पर रविवार को यह कार्रवाई की गई।
न्यूज़ एजेंसी PTI के अनुसार, रविवार को दिल्ली गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (DSGMC) ने शिकायत दर्ज कराई। इसमें आरोप लगाया गया कि शनिवार को AAP नेताओं और विधायकों ने गुरुद्वारे के परिसर के अंदर घुसकर विरोध-प्रदर्शन किया और वहां अफरातफरी मचाई। शिकायत में कहा गया कि गुरुद्वारे जैसे पवित्र धार्मिक स्थल का राजनीतिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की गई।
DSGMC का आरोप है कि AAP ने राजनीतिक गतिविधियों के लिए ‘गुरु घर’ की पवित्रता का गलत इस्तेमाल किया और अब उनके नेता सोशल मीडिया पर झूठे वीडियो फैलाकर इस स्थिति के लिए गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी को दोषी ठहरा रहे हैं।
शिकायत में कहा गया, “प्रदर्शनकारियों ने पवित्र परिसर के अंदर राजनीतिक नारे भी लगाए, जिससे धार्मिक माहौल खराब हुआ और गुरु घर की पवित्रता और मर्यादा का उल्लंघन हुआ। पूजा-अर्चना की ऐसी सम्मानित जगह पर जान-बूझकर की गई राजनीतिक गतिविधियों से सिख संगत की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।”
DSGMC ने मांग की, “हम दिल्ली पुलिस से अनुरोध करते हैं कि वे वीडियो से इन सभी लोगों की पहचान करें, पता लगाएं कि किसने उन्हें गुरुद्वारा परिसर में आने के लिए इकट्ठा किया, संगठित किया और निर्देश दिया, और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करे।”
जांच जारी
सूत्रों के हवाले से PTI ने बताया है कि दिल्ली पुलिस DSGMC से मिले फुटेज की जांच कर रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है। दिल्ली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
AAP ने आरोपों को नकारा, पुलिस को ज़िम्मेदार ठहराया
इस बीच, AAP ने आरोपों को खारिज करते हुए दिल्ली पुलिस पर गुरुद्वारे में घुसने और धार्मिक स्थल की पवित्रता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पुलिस की कार्रवाई की ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए और अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए।


























