कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस पर जुटने लगे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और जनपथ रोड समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं दिल्ली में 30 अहम जगहों पर ट्रैफिक पर रोक और डायवर्जन लागू किए गए हैं। ऐसे में कनाॅट प्लेस, संसद मार्ग, जंतर-मंतर और मंडी हाउस समेत प्रमुख इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सेंट्रल दिल्ली में जिन इलाकों पर असर पड़ेगा, उनमें अशोक रोड-जंतर-मंतर रोड गोलचक्कर, टॉल्स्टॉय मार्ग-जनपथ क्रॉसिंग, जय सिंह रोड-संसद मार्ग क्रॉसिंग, रेल भवन गोलचक्कर, पटेल चौक, गोल डाक खाना और विंडसर प्लेस शामिल हैं।
मंडी हाउस, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल के साथ चेम्सफोर्ड रोड और संसद मार्ग के जंक्शन, बाराखंभा रोड जंक्शन और मिंटो रोड-दीन दयाल उपाध्याय मार्ग जंक्शन पर भी ट्रैफिक पर असर पड़ने की संभावना है।
अन्य प्रभावित जगहों में चेम्सफोर्ड रोड-कनॉट प्लेस आउटर सर्कल जंक्शन, भैरों रोड-महात्मा गांधी मार्ग जंक्शन, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-पॉइंट, सम्राट होटल गोलचक्कर और सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग शामिल हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे बने अंडरपास के साथ-साथ रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग जंक्शन भी उन जगहों में शामिल हैं, जहां ट्रैफिक पर लगी रोक से आने-जाने वालों को परेशानी हो सकती है।


























