1 जुलाई को महिलाओं के खातों में आएंगे 3,000 और 4,500 रुपये, यह दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम: केजरीवाल

3

नई दिल्ली, 22 जून 2026:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के खातों में तीन महीने की सम्मान राशि एक साथ भेजने की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम बताया है।

 

अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं से किया गया अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Bhagwant Mann के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में केजरीवाल ने कहा कि 1 जुलाई को पात्र महिलाओं के खातों में तीन महीने की सम्मान राशि एक साथ भेजी जाएगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये की राशि मिलेगी।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं तो प्रत्येक महिला को अलग-अलग यह सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने का यह कार्यक्रम दुनिया के सबसे बड़े महिला सशक्तिकरण अभियानों में से एक है।

 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हाल ही में फतेहगढ़ साहिब के चनार्थल कलां में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान घोषणा की थी कि महिलाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए तीन महीने की राशि एक साथ जारी की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मासिक भुगतान की बजाय एकमुश्त राशि देने की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि माताओं और बहनों के सम्मान से जुड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं को अपनी दैनिक जरूरतों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और सामाजिक अवसरों पर सम्मानपूर्वक खर्च करने में मदद करेगी।

 

आम आदमी पार्टी का दावा है कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने और परिवार में उनकी भूमिका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।