मोगा में सफाई व्यवस्था पर सख्त हुए हरजोत बैंस, नगर निगम आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी

1

चंडीगढ़/मोगा, 23 जून 2026:

 

पंजाब सरकार की ‘मिशन क्लीन पंजाब’ पहल के तहत स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मोगा शहर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था की गंभीर कमियां सामने आने पर उन्होंने मोगा नगर निगम आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

 

शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करने के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और खुले में पड़े कूड़े के ढेरों तथा स्वच्छता संबंधी समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण में सामने आई खामियों को मिशन क्लीन पंजाब के तहत निर्धारित मानकों का उल्लंघन बताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।

 

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि पंजाब के नागरिक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के हकदार हैं और जो अधिकारी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि मिशन क्लीन पंजाब केवल कागजों तक सीमित योजना नहीं है, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है। सरकार लगातार निगरानी कर रही है और जहां भी कमियां सामने आएंगी, वहां तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

 

मंत्री ने बताया कि इस तकनीक आधारित अभियान के तहत सभी नगर निगम आयुक्तों और कार्यकारी अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक फील्ड विजिट करना अनिवार्य किया गया है। बेहतर निगरानी के लिए प्रत्येक शहर को 10 किलोमीटर के जोनों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन के लिए अलग पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब के सभी शहरों में औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को शहरी विकास और स्वच्छता अभियान का अहम भागीदार बताते हुए उनके योगदान की सराहना भी की।

 

उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब का हर शहर स्वच्छता के उच्चतम मानकों तक नहीं पहुंच जाता, तब तक मिशन क्लीन पंजाब के तहत निरीक्षण और निगरानी का अभियान लगातार जारी रहेगा।