16 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: लखनऊ के रिंग रोड स्थित अवैध झोपड़ियों में बुधवार को लगी भीषण आग के बाद हालात गुरुवार को भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन मलबे में अब भी लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य जारी है।
तलाशी अभियान के दौरान मलबे से दो मासूम सगी बहनों के शव मिलने से इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गाजीपुर सर्किल के एसीपी ए. विक्रम सिंह के अनुसार, मृ*त बच्चियां बाराबंकी के राम सनेही घाट क्षेत्र के काशीपुरवा निवासी सतीश की बेटियां थीं।
मृ*तकों में दो वर्षीय श्रुति और दो महीने की एक शिशु शामिल हैं, जिनकी आग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद से कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है, जिसे लेकर पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
इधर, आग से बेघर हुए लोग गुरुवार सुबह से ही अपने जले हुए आशियाने में सामान तलाशते नजर आए, लेकिन अधिकांश को कुछ भी नहीं मिल सका। आग बुझने के बावजूद धधकते अवशेषों को देखते हुए एहतियातन दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर तैनात हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।



























