नाइजीरिया के दक्षिणी हिस्से में सोमवार को 25 यात्रियों और सात क्रू सदस्यों को ले जा रहा एक सैन्य प्लेन क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत हो गई।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने इस घटना की पुष्टि की है। राष्ट्रपति और एयर फ़ोर्स के अनुसार, विमान दक्षिणी शहर बेनिन से आर्थिक केंद्र लागोस के लिए एक रूटीन मिशन पर था, तभी सुबह 9:00 बजे के कुछ ही देर बाद ओंडो राज्य के नदी किनारे बसे इग्बोकोंडा शहर में प्लेन क्रैश हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्लेन नदी के पास गिरा और उसका कुछ हिस्सा पानी में डूब रहा था।
टिनुबू के ऑफ़िस से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने 25 यात्रियों और सात क्रू सदस्यों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। एविएशन मिनिस्टर फेस्टस केयामो ने पहले ‘X’ पर बताया था कि विमान एक नेवल बेस के पास क्रैश हुआ।
नाइजीरियाई एयरफोर्स ने बताया कि क्रैश हुआ प्लेन ATR-42 था। यह एक ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप विमान है जिसमें 30 से 50 यात्रियों के बैठने की क्षमता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नदी के पास लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है, जबकि एक रेस्क्यू टीम नाव के ज़रिए इलाके में तलाशी अभियान चला रही है। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने नाइजीरियाई एयर फ़ोर्स को क्रैश के कारणों की तुरंत और गहन जांच शुरू करने का आदेश दिया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



























