चंडीगढ़ में CM कैंप ऑफिस के पास CBI की रेड, OSD राजबीर घुम्मन से जुड़े मामले की जांच; केजरीवाल-मान ने BJP पर साधा निशाना

2
Oplus_16908288

चंडीगढ़, 07 अक्टूबर

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस के पास मंगलवार (6 अक्टूबर) को CBI की टीम ने रेड की। जानकारी के मुताबिक, CBI की टीम सीएम आवास के नजदीक स्थित बंगला नंबर-50 पहुंची। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के OSD राजबीर घुम्मन से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि राजबीर घुम्मन से जुड़े मामले में ट्रांसफर, पोस्टिंग और टेंडर में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की जा रही है। हालांकि, CBI की कार्रवाई और जांच को लेकर एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

CBI की इस कार्रवाई के बाद पंजाब की सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी CBI और ED जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का सहारा लेना चाहती है।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि चुनाव से करीब दो महीने पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय के पास CBI की रेड बीजेपी की बौखलाहट का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद से पंजाब के साथ लगातार भेदभाव किया गया है।

केजरीवाल ने किसान आंदोलन, पंजाब के पानी और पंजाब यूनिवर्सिटी जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि अब पंजाब के चुने हुए मुख्यमंत्री के साथ भी ऐसा ही किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी चुनाव के जरिए पंजाब में जीत हासिल नहीं कर सकती, इसलिए ED और CBI के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है।

केजरीवाल ने आगे कहा कि पंजाब के लोगों ने अपना मन बना लिया है और आने वाले चुनाव में भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि AAP को 100 से अधिक सीटों पर जीत मिलेगी।

‘पंजाब सरकार को बदनाम करने के लिए CBI का गलत इस्तेमाल’- भगवंत मान

वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी CBI की कार्रवाई को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मान ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं और पंजाब सरकार तथा उन्हें बदनाम करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कैंप ऑफिस पर CBI की रेड की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में ED और CBI का गलत इस्तेमाल कर सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जाएगी। मान ने कहा कि पंजाब के लोगों से मिल रहे समर्थन और प्यार से बीजेपी घबरा गई है।

CBI की इस कार्रवाई के बाद पंजाब में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब सबकी नजर जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई और मामले में सामने आने वाले तथ्यों पर है।