वर्ल्ड कप जीतने वाली कप्तान और बेहतरीन बल्लेबाज़ हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने मंगलवार को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। हरमनप्रीत ने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने सभी फ़ॉर्मेट में कप्तानी छोड़ने का फ़ैसला किया है। ऐसे में हरमनप्रीत की जगह अब स्मृति मंधाना टीम की नई कप्तान बन सकती हैं।
हरमनप्रीत के नाम कई रिकॉर्ड हैं। इनमें बतौर कप्तान भारत को पहला महिला वर्ल्ड कप जिताना शामिल है। उनकी कप्तानी में टीम ने 2012, 2016, 2022 और 2026 एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया।
कप्तानी छोड़ने के अपने फ़ैसले की घोषणा करते हुए हरमनप्रीत ने कहा कि कप्तानी छोड़ना आसान नहीं था ।
हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट में लिखा, आज मैं सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूं। यह आसान फैसला नहीं है। इसमें सालों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जिंदगीभर मेरे साथ रहेंगे।
कप्तान के तौर पर अपने समय को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने टीम के लिए अपना सब कुछ दिया और उन्हें यकीन है कि उन्होंने अपनी ज़िम्मेदारी पूरी की है।
उन्होंने लिखा, “मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है – अपना खून-पसीना, अपना समय और कई बार तो अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का भी एक हिस्सा। ऐसे कई पल आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक्की और अपनी चाहतों को एक तरफ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले आती है।”
हरमन ने कहा कि फ़ैसले हमेशा समझ नहीं आते
उन्होंने कहा कि एक कप्तान के तौर पर उन्हें मुश्किल फ़ैसले लेने पड़े, जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया और जिनकी उन्हें निजी तौर पर कीमत भी चुकानी पड़ी।
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन मेरा हर फ़ैसला एक ही मकसद से लिया गया था – इस टीम को बेहतर बनाना और दूसरे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सर्वश्रेष्ठ रूप पाने का मौका देना।”
उन्होंने लिखा, “मुझे लगता है कि मैंने अपना फ़र्ज़ निभाया है। मैंने इस टीम के लिए अपना सब कुछ दिया।”
हालांकि, हरमनप्रीत ने साफ़ कर दिया कि कप्तानी छोड़ने का मतलब उनके इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का अंत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह एक खिलाड़ी के तौर पर भारत के लिए खेलना जारी रखेंगी।
हरमनप्रीत ने कहा, “कप्तानी खत्म होती है, लेकिन सफ़र जारी रहता है।” इससे पता चलता है कि वह टीम का हिस्सा बनी रहेंगी और अपने करियर के अगले दौर में मैदान पर योगदान देंगी।
हरमनप्रीत, जिनकी कप्तानी में भारत ने पिछले साल नवंबर में अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता था और हाल ही में टीम को T20 क्रिकेट में लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का गोल्ड मेडल जिताया था, ने कहा कि वह मिली-जुली भावनाओं के साथ, लेकिन शांति के अहसास के साथ कप्तानी छोड़ रही हैं।
हरमनप्रीत महिला क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट में टीम की सबसे लंबे समय तक कप्तान रहने वाली खिलाड़ियों में से एक रही हैं। हरमनप्रीत ने भारत के लिए 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे से इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने 8 टेस्ट, 164 वनडे और 210 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।
स्मृति मंधाना बन सकती है कप्तान
स्मृति मंधाना को हरमनप्रीत कौर के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिल सकती है। स्मृति पहले भी टीम की कप्तानी कर चुकी हैं।



























