सौरव गांगुली और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी, लगातार मिल रहे पत्र, जांच में जुटी पुलिस

19

Sourav Ganguly Death Threat: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। इस सिलसिले में सौरव गांगुली ने कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सौरव गांगुली के कार्यालय में हाल ही में ऐसे पत्र पहुंचे जिनमें गांगुली और उनकी पत्नी के अलावा उनके करीबी लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की सीधी चेतावनी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, उनकी पत्नी डोना गांगुली को पिछले कुछ महीनों में कई धमकी भरे पत्र मिले हैं।

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, गांगुली – जो अभी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ बंगाल (CAB) के प्रेसिडेंट हैं – ने दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत सोमवार को उनके ऑफिस में दो पत्र मिलने के बाद की गई।

शिकायत के अनुसार, गांगुली के नाम पर पिछले करीब छह महीनों से पत्र आ रहे थे, लेकिन शुरू में उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया। सोमवार को मिले दो पत्रों में गांगुली और डोना को जान से मारने और उनके करीबी लोगों को नुकसान पहुंचाने की साफ़ धमकियां दी गई थीं।

पुलिस का कहना है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और पत्र भेजने वाले का पता लगाने के लिए पत्रों की सामग्री, उनके स्रोत और कूरियर ट्रेल की जांच कर रहे हैं।

शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये चिट्ठियां उत्तर 24 परगना ज़िले के बेलघरिया के किसी व्यक्ति ने कूरियर सर्विस के ज़रिए भेजी होंगी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द ट्रैक करने के लिए सभी तकनीकी और मैदानी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम और धमकी भरे खतों पर सौरव गांगुली या उनकी पत्नी डोना गांगुली की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।