चीन में एक बंदरगाह पर कार्गो जहाज में लगी भीषण आग; 20 लोगों की मौत, पांच अन्य लापता

2

बीजिंग: चीन के एक बंदरगाह पर खड़े कार्गो जहाज़ में आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लापता हैं। चीन की सरकारी मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

यह हादसा पूर्वोत्तर चीनी तट के एक प्रमुख शिपिंग हब ‘किंगदाओ’ बंदरगाह पर स्थित ‘बेइहाई शिपबिल्डिंग कंपनी’ में हुआ, जहां जहाज मरम्मत के लिए खड़ा था।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की जारी एक तस्वीर के अनुसार, आग ‘ओशन मेलोडी’ (Ocean Melody) नाम के जहाज़ में लगी। जहाज़ को ट्रैक करने वाले डेटा से पता चलता है कि यह जहाज़ लाइबेरिया में रजिस्टर्ड है। समाचार एजेंसी ने बताया कि जहाज़ पर कुल 42 लोग सवार थे, जिनमें से 12 लोगों को बचा लिया गया है। हादसे में पांच घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय समयानुसार, आग गुरुवार सुबह करीब 11 बजे लगी और दोपहर ढाई बजे तक इस पर काबू पा लिया गया।

राष्ट्रपति जिनपिंग ने क्या कहा
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तुरंत तलाश करने और ज़िम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने को कहा। शिन्हुआ ने बताया कि उन्होंने “लापता लोगों की तुरंत तलाश करने… और ज़िम्मेदार लोगों को सख़्ती से जवाबदेह ठहराने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया”। वहीं, चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने फंसे हुए लोगों को बचाने का आह्वान किया और अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों को इलाज मिले। उन्होंने अधिकारियों से बाद में होने वाली आपदाओं को सख्ती से रोकने के लिए भी कहा।