चंडीगढ़, 16 जून 2026:
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी जायज़ मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

वित्त मंत्री ने अपने कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान होम गार्ड वेलफेयर एसोसिएशन (सेवानिवृत्त), पंजाब पुलिस कोरोना वॉरियर्स एसोसिएशन, पंजाब वन विभाग वर्कर्स यूनियन तथा थर्मल प्लांट कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। बैठक में गृह सचिव नीलिमा और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार कर्मचारी संगठनों द्वारा उठाए गए मुद्दों के सार्थक समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी वैध और न्यायसंगत मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान वित्त मंत्री ने विशेष रूप से होम गार्ड वेलफेयर एसोसिएशन (सेवानिवृत्त) के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनके मुद्दे से संबंधित प्रस्ताव को शीघ्र ही अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पास भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य के कर्मचारी और फ्रंटलाइन वॉरियर्स पंजाब की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठकें सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में संपन्न हुईं। पंजाब सरकार ने एक बार फिर दोहराया कि वह कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और फ्रंटलाइन वॉरियर्स के हितों की रक्षा तथा उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




















