चंडीगढ़:
पिछले 24 घंटों में हुई तेज बारिश के बाद चंडीगढ़ की प्रसिद्ध सुखना लेक का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने एहतियातन अलर्ट जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि यदि कैचमेंट एरिया और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान भी भारी बारिश होती है, तो झील का अतिरिक्त पानी निकालने के लिए फ्लड गेट खोलने पड़ सकते हैं।
प्रशासन के अनुसार सुखना लेक का जलस्तर बढ़कर 1157 फीट तक पहुंच गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण झील में पानी की आवक बढ़ गई है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीमें चौबीसों घंटे जलस्तर की निगरानी कर रही हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे झील के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं। साथ ही जलभराव वाले निचले इलाकों, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान 46.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस मानसून सीजन में अब तक 206.6 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना भी जताई है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।





















