करी बेकर की हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ का हिस्सा बने कृति सेनन-वरुण धवन, हिंदी वर्जन को देंगे आवाज

6

इस साल की शुरुआत में दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली हॉलीवुड फिल्म ‘ऑब्सेशन’ अब हिंदी में रिलीज होने के लिए तैयार है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार कम बजट में बनी फिल्म ‘ऑब्सेशन’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 3,851.14 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया था. भारत में इस हॉलीवुड फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 100 करोड़ रुपये था.

वहीं अब फिल्म के मेकर्स ने इसे हिंदी में रिलीज करने का फैसला किया है और इसके लिए कृति सेनन और वरुण धवन एक साथ आए है. फिल्म ‘ऑब्सेशन’ के हिंदी में वर्जन को कृति सेनन और वरुण धवन आवाज देने वाले हैं.

कृति सेनन ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपनी फिल्म भेड़िया के डायरेक्टर अमर कौशिक और को-स्टार वरुण धवन के साथ रीयूनियन की एक फोटो शेयर की थी और उन्होंने ‘ऑब्सेशन’ (obsessed) होने के बारे में लिखा। इंटरनेट पर तुरंत यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या ये तीनों ‘भेड़िया 2’ को लेकर कोई अपडेट देने वाले हैं। हालाँकि, यह रीयूनियन एक नए प्रोजेक्ट के लिए निकला। असल में, ये दोनों करी बेकर की सुपरहिट हॉरर थ्रिलर ‘ऑब्सेशन’ (Obsession) का हिस्सा हैं। लेकिन इसमें एक ट्विस्ट है।

कृति और वरुण ‘ऑब्सेशन’ के हिंदी वर्जन को देंगे आवाज

कृति सेनन और वरुण धवन हॉलीवुड फिल्म ऑब्सेशन के हिंदी वर्जन को आवाज देने वाले हैं। कृति सेनन निक्की के किरदार को आवाज देंगी जबकि वरुण धवन बियर की आवाज बनने वाले हैं।

इंडे नवर्रेट और माइकल जॉनस्टन अभिनीत ‘ऑब्सेशन’ कम बजट में बनी थी, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर लाखों की कमाई की। इस फिल्म का अनकट वर्ज़न 30 अक्टूबर को हैलोवीन के मौके पर जियोहॉटस्टार (JioHotstar) के ‘द पीकॉक हब’ (The Peacock Hub) पर स्ट्रीम होगा, जो अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा।

कृति और वरुण ने ‘वन विश विलो’ सीन को किया रीक्रिएट

इसके हिंदी वर्ज़न में कृति सेनन ने ‘निक्की’ के लिए और वरुण धवन ने ‘बियर ‘ के लिए डबिंग की है। इतना ही नहीं, इन बॉलीवुड कलाकारों ने फिल्म के मशहूर ‘वन विश विलो’ (One Wish Willow) सीन को भी रीक्रिएट किया है – इसी सीन से फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है, जहाँ निक्की, बेयर के लिए एक जुनूनी प्रेमी (obsessive lover) में बदल जाती है।

कैप्शन में लिखा था: “हम चाहते थे कि आपको पहले ही बता दें, लेकिन फिर मज़ा ही क्या आता? कृति सेनन और वरुण धवन ने, अमर कौशिक के साथ मिलकर, कुछ ऐसा तैयार किया है जिसे लेकर हम भी थोड़े जुनूनी (obsessed) हो गए हैं। ‘ऑब्सेशन: द ओरिजिनल अनकट वर्ज़न’ 30 अक्टूबर को शाम 7 बजे से, विशेष रूप से जियोहॉटस्टार के ‘द पीकॉक हब’ पर स्ट्रीम होगा। इस हैलोवीन, ध्यान रखें कि आप क्या मांगते हैं।”

कृति और वरुण ने ‘ऑब्सेशन’ (Obsession) के साथ अपने जुड़ाव के बारे में भी बात की। कृति सेनन ने कहा, “मुझे ‘ऑब्सेशन’ फिल्म और इसमें कलाकारों का काम बहुत पसंद आया। यह एक बेहद दिलचस्प, अनोखी और पेचीदा कहानी है। मैंने पहले कभी इतने अलग और जटिल किरदार को नहीं निभाया था, जिसने इस अनुभव को और भी रोमांचक और चुनौतीपूर्ण बना दिया। यह पहली बार है जब मैंने किसी दूसरे कलाकार के अभिनय के लिए अपनी आवाज़ दी है, और अपने इस नए सफर की शुरुआत के लिए मुझे इससे बेहतर फिल्म नहीं मिल सकती थी! मुझे इसके लिए डबिंग करने में बहुत मज़ा आया और मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूँ कि दर्शक हिंदी में इस फिल्म का अनुभव लें।”

वरुण धवन ने आगे कहा, “‘ऑब्सेशन’ के हिंदी वर्ज़न पर काम करने से मुझे इस कहानी को एक बिल्कुल अलग नज़रिए से देखने का मौका मिला। सच कहूँ तो, मुझे फिल्म देखने में और भी ज़्यादा मज़ा आया क्योंकि मैं इसे बहुत बारीकी से देख पा रहा था। मैंने कई ऐसी छोटी-छोटी बातें देखीं जो शायद पहली बार देखने में मुझसे छूट गई होतीं, और इसी वजह से पूरा अनुभव और भी दिलचस्प हो गया। मैं बहुत उत्साहित हूँ कि दर्शक हिंदी में ‘ऑब्सेशन’ देखें और खुद उन बारीकियों को खोजें।”

‘ऑब्सेशन’ की कहानी क्या है?

करी बार्कर द्वारा निर्देशित, ‘ऑब्सेशन’ एक सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म है, जिसमें माइकल जॉनस्टन और इंडे नवर्रेट मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी ‘बेयर’ नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो चाहता है कि उसकी बचपन की दोस्त निक्की उससे प्यार करने लगे। उसकी यह इच्छा तब पूरी होने लगती है जब उसे ‘वन विश विलो’ (One Wish Willow) नाम की एक रहस्यमयी चीज़ मिलती है। हालाँकि, जो शुरुआत में एक सपने के सच होने जैसा लगता है, वह जल्द ही एक भयानक रूप ले लेता है। निक्की का प्यार धीरे-धीरे इतना परेशान करने वाला हो जाता है कि इसके नतीजे बहुत डरावने निकलते हैं।

‘ऑब्सेशन’ ने कितनी कमाई की?

सिर्फ 1 मिलियन डॉलर के बजट में बनी ‘ऑब्सेशन’ ने दुनिया भर में 500 मिलियन डॉलर से ज़्यादा की कमाई की। भारत में, इस फिल्म ने नेट कलेक्शन के तौर पर 84.90 करोड़ रुपये कमाए।