Uttarakhand Earthquake: मंगलवार रात को कांपी उत्तराखंड की धरती; 4.9 तीव्रता के भूकंप से घबराए लोग

5

उत्तराखंड के आठ ज़िलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन ज़िलों में चमोली, चंपावत, बागेश्वर, उत्तरकाशी, देहरादून, उधम सिंह नगर, नैनीताल, पिथौरागढ़ और टिहरी शामिल हैं। भूकंप रात करीब 10:23 बजे आया, जिससे कई इलाकों में ज़मीन हिलने लगी और घबराए हुए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। । सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में रहा।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई। इसका केंद्र ज़मीन की सतह से 13 किलोमीटर नीचे था। NCS ने भूकंप का केंद्र 30.103° उत्तरी अक्षांश और 79.561° पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया; यह जगह जोशीमठ से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण में चमोली जिले में स्थित है।

बागेश्वर के कपकोट इलाके की बोरबाल्डा ग्राम पंचायत और आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों ने तेज़ झटके महसूस किए। उधम सिंह नगर ज़िले के रुद्रपुर और काशीपुर में भी झटके महसूस किए गए। देहरादून के ऋषिकेश और उसके आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों ने भी भूकंप के झटके महसूस किए।

इसके अलावा, रामनगर, नैनीताल, खटीमा, श्रीनगर गढ़वाल, हल्द्वानी और पौड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी जनपद में भी 10:24 पर महसूस किए गए भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।

फिलहाल, किसी भी ज़िले से जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभाग किसी भी तरह के नुकसान के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं।