31 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: यूटी पुलिस के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुडा ने नववर्ष के अवसर पर शहर के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लोगों से नए साल का जश्न आपसी प्रेम, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाने की अपील की।
डीजीपी डॉ. हुडा ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और नागरिकों का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नववर्ष के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। डीजीपी ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही सुरक्षित समाज की पहचान है।
अंत में डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुडा ने सभी नागरिकों के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए नए साल को सुरक्षित और खुशहाल बनाने का संदेश दिया।

























