पोलैंड PM डोनाल्ड टस्क के सामने प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन में शांति के लिए भारत के संदेश को दोहराया

4

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फिर दोहराया कि भारत शांति के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली, रूस-यूक्रेन संघर्ष या मध्य-पूर्व के युद्ध को खत्म करने के सार्थक प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेगी।

बता दे कि पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी से दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत के दौरे पर हैं।

पोलैंड के अपने समकक्ष डोनाल्ड टस्क के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री ने कहा कि नई दिल्ली और वारसॉ लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन में विश्वास करते हैं। साथ ही, उन्होंने वैश्विक संस्थाओं को “अधिक मजबूत और प्रभावी” बनाने के लिए उनमें सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारत और पोलैंड के बीच आर्थिक संबंधों का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि दोनों देश रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की दुनिया अनिश्चितता और बदलाव के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भी, भारत और पोलैंड विकास, तकनीक और नवाचार के महत्वपूर्ण केंद्रों के रूप में उभर रहे हैं। पोलैंड की जीडीपी ने 1 ट्रिलियन डॉलर का ऐतिहासिक मुकाम पार कर लिया है। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री टस्क को बधाई देता हूँ ।

पीएम ने आगे कहा, “भारत ने भी पिछली तिमाही में 7.8% की उल्लेखनीय विकास दर दर्ज की। दोनों देशों की बढ़ती आर्थिक ताकत भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पेश करती है,”।

पोलिश कंपनियों को पीएम मोदी का निमंत्रण

पीएम मोदी ने पोलिश कंपनियों को भारत के साथ मिलकर विकास (co-development) और उत्पादन (co-production) के कार्यों में और अधिक जुड़ने के लिए आमंत्रित किया।

डोनाल्ड टस्क ने भारत-पोलैंड साझेदारी की सराहना की

मीडिया ब्रीफिंग के दौरान, टस्क ने भारत और पोलैंड के बीच साझेदारी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों देश एक-दूसरे का समर्थन करना जारी रखेंगे, जिससे उन्हें और पूरी दुनिया को फायदा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सैटेलाइट और ड्रोन के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग ने “राजनीतिक तनाव और संकट के समय” में मदद की है।

मौजूदा वैश्विक उथल-पुथल पर बात करते हुए, पोलैंड के नेता ने कहा कि मौजूदा हालात से यह साफ हो गया है कि देशों को अहम संसाधनों, खनिजों और रणनीतिक संसाधनों के मामले में आत्मनिर्भर क्यों होना चाहिए। उन्होंने यूक्रेन पर प्रधानमंत्री मोदी के बयानों की भी तारीफ की और उन्हें भरोसा दिलाया कि पोलैंड कभी भी भारत को निराश नहीं करेगा।