मुंबई: इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात ATS ने 3,000 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये पांचों आरोपी समुद्री रास्ते से मुंबई 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले नशीले पदार्थ हेरोइन और मेथामफेटामाइन ले जा रहे थे। सुरक्षा बलों ने यह ऑपरेशन 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पास चलाया था, हालांकि इस घटना की जानकारी आज, बुधवार को सामने आई।
यह जब्ती ऐसे समय में हुई है जब सुरक्षा एजेंसियां समुद्री रास्ते से होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी को रोकने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर रही हैं।
भारतीय सेना ने जब्त की 526 किलोग्राम हेरोइन
समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडियन कोस्ट गार्ड के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, ‘इंडियन कोस्ट गार्ड ने गुजरात के एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) के साथ मिलकर लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में समुद्री रास्ते से नशीले पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया।’
इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात ATS ने मिलकर समुद्र में चलाए गए इस ऑपरेशन में करीब 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले नशीले पदार्थ (हेरोइन और मेथामफेटामाइन) जब्त किए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
इससे पहले, अप्रैल 2025 में, ATS और भारतीय कोस्ट गार्ड ने गुजरात तट के पास लगभग 311 किलो मेथम्फेटामाइन ज़ब्त की थी, जिसकी कीमत ₹1,800 करोड़ थी। उस खेप को पाकिस्तान के पासनी बंदरगाह से तमिलनाडु ले जाया जाना था। सुरक्षा बलों को देखते ही तस्करों ने ड्रग्स समुद्र में फेंक दी और पाकिस्तान की समुद्री सीमा की ओर भाग गए।























