2 अक्टूबर से ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च का ऐलान, 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग का घेराव करेगा इंडिया गठबंधन, 5 बड़ी रैलियां आयोजित करेगी विपक्ष

3

दिल्ली में आज बुधवार को INDIA गठबंधन की अहम मीटिंग हुई. मीटिंग में विपक्षी दलों ने 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का ऐलान किया। यह मार्च वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) को लेकर चल रहे विवाद और चुनाव आयोग (EC) में मतभेद की हालिया खबरों के बीच ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के चलते शुरू किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के दौरान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 2 से 8 अक्टूबर तक ज़िला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे।

इसके बाद विपक्ष अपनी चिंताएं राष्ट्रपति के सामने रखेगा; नेता अक्टूबर के दूसरे हफ़्ते में द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगेंगे ताकि वे उस मुद्दे को उठा सकें जिसे खड़गे ने संस्थानों पर “कब्ज़ा” करने का तरीका बताया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष सुप्रीम कोर्ट में SIR और चुनावी गड़बड़ी के दूसरे आरोपों से जुड़े सभी मामलों में तेज़ी लाने की मांग करेगा। उन्होंने देश भर में “वोट चोरी” का मुद्दा उठाने के लिए अक्टूबर और नवंबर में पांच बड़ी रैलियां करने की योजना का भी ऐलान किया।

खड़गे ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के भीतर दो-तीन लोगों का इस्तेमाल “मोहरे” के तौर पर किया जा रहा है और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर उन्हें “कठपुतली” की तरह नचाने का आरोप लगाया।

बैठक के बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गे ने कहा, “सभी पार्टियों ने इस लड़ाई को एकजुट होकर लड़ने की बात कही।”

2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च

खड़गे ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ आम लोग, युवा, INDIA गठबंधन, NGO और एकता और लोकतंत्र के लिए काम करने वाले संगठनों को जुटाया जाएगा।

खरगे ने कहा कि विपक्ष 2 से 8 अक्टूबर तक ज़िला स्तर पर “लोकतंत्र बचाओ” मार्च निकालेगा और DM ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।

विपक्ष के सभी सांसद 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे।

6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च निकालेंगे। खरगे ने कहा, “हम इसे आज ही करना चाहते थे, लेकिन सभी को 6 तारीख को बुलाने का फैसला किया गया है।

अक्टूबर का दूसरा हफ्ता: विपक्ष के नेता अक्टूबर के दूसरे हफ़्ते में भारत के राष्ट्रपति से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपने के लिए समय भी मांगेंगे।

खड़गे ने कहा कि विपक्ष की 5 बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी। जिनकी तारीखों और जगहों का ऐलान बाद में किया जाएगा। 1 नवंबर को दिल्ली में एक बड़ी रैली होगी, जिसमें खड़गे द्वारा बताए गए “वोटों की चोरी” और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों को उजागर किया जाएगा।

करीब 3 घंटे चली बैठक में 3 बातों पर सहमति बनी।

1. CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाया जाए।
2. वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों को सार्वजनिक किया जाए। नाम हटाने से पहले वोटर को नोटिस और अपील का मौका मिले।
3. EVM की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं।

मीटिंग के बाद ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा, “INDIA गठबंधन एकजुट है और ‘वोट चोरी’ के इस ‘बड़े घोटाले’ के खिलाफ साथ खड़ा है।”