यूपी पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के हत्यारों का एनकाउंटर किया है। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों बदमाशों की पहचान सुमित और मोहित के तौर पर हुई है, जो सोनीपत के रहने वाले थे। दोनों पर 50-50 हज़ार रुपये का इनाम घोषित था और कहा जाता है कि वे गोगी गैंग से जुड़े शूटर थे।
बता दे कि सोमवार को उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दोनों शार्पशूटर घायल हो गया, जिसके बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
एडिशनल डायरेक्टर जनरल (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश ने बताया कि यह मुठभेड़ कैराना रोड पर हुई, जब पुलिस की एक टीम ने हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले दो संदिग्धों 22 साल के मोहित और 24 साल के सुमित को रोका।
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर मोटरसाइकिल से सोनीपत की ओर भाग रहे थे। एक सूचना के आधार पर पुलिस ने आज सुबह उन्हें घेर लिया; पकड़े जाने के डर से उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। इस फायरिंग के दौरान बदमाश सुमित और मोहित को गोलियां लगीं।
दोनों को शामली के ज़िला संयुक्त अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बयान में यह भी कहा गया कि गोलीबारी के दौरान हेड कॉन्स्टेबल हरविंदर और प्रदीप को भी गोली लगी।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने दो संदिग्धों से तीन पिस्तौल, .30 बोर के 10 ज़िंदा और नौ खाली कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक बैग, एक मोबाइल फ़ोन और ₹5,000 नकद बरामद किए।
हरियाणा में मोहित पर 14 और सुमित पर एक आपराधिक मामला दर्ज था। पुलिस ने कहा कि वे उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।























