उत्तम नगर में फर्जी क्रेडिट कार्ड का खेल! राजस्थान पुलिस की रेड…43 महिलाओं समेत 83 लोग हिरासत में

11

दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में राजस्थान पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से एक निजी ऑफिस में छापेमारी कर 83 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें 43 महिलाएं भी शामिल हैं।

कार्रवाई 29 अगस्त को राजस्थान के डीग साइबर थाने में दर्ज फर्जी क्रेडिट कार्ड मामले की जांच के दौरान की गई।

राजस्थान पुलिस की टीम डीएसपी वीरेंद्र पाल के नेतृत्व में दिल्ली पहुंची थी। टीम ने उत्तम नगर थाने से स्थानीय पुलिस की मदद मांगी। इसके बाद उत्तम नगर थाना पुलिस और साइबर थाना द्वारका की तकनीकी टीम ने राजस्थान पुलिस को जमीनी और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई। इसी मदद से उत्तम नगर स्थित एक इमारत में चल रहे ‘आनंद एंटरप्राइजेज’ ऑफिस का पता लगाया गया और वहां छापा मारा गया।

फर्जी आईडी से शुरू हुई जांच

मामला तब सामने आया जब डीग में एक्सिस बैंक के एक ग्राहक को आकाश राठौर नाम के युवक ने फोन कर क्रेडिट कार्ड दिलाने की पेशकश की। ग्राहक ने जब उससे एक्सिस बैंक का कर्मचारी होने का सबूत मांगा तो उसने व्हाट्सऐप पर बैंक का विजिटिंग/आईडी कार्ड भेज दिया। ग्राहक ने यह कार्ड अपने परिचित बैंक कर्मचारी को दिखाया। बैंक की विजिलेंस टीम ने जांच की तो कार्ड फर्जी निकला।

इसके बाद एक्सिस बैंक की डीग शाखा के मैनेजर फूल सिंह की शिकायत पर 28 अगस्त को साइबर थाना डीग में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।

आरोपी को लेकर दिल्ली पहुंची पुलिस

जांच के दौरान राजस्थान पुलिस ने आजमगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी आकाश राठौर को गिरफ्तार किया। पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई और उसकी निशानदेही पर दिल्ली में ऑफिस की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान राजस्थान पुलिस की टीम उत्तम नगर पहुंची और दिल्ली पुलिस से सहायता मांगी।

83 लोग मिले ऑफिस में

पुलिस के मुताबिक, ‘आनंद एंटरप्राइजेज’ का संचालन उत्तम नगर निवासी 47 वर्षीय सलोनी मित्तल कर रही थीं। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनकी फर्म ‘आर.के.पी.एल. सर्विसेज’ के साथ मिलकर काम करती है और यह कंपनी एक्सिस बैंक की क्रेडिट कार्ड सेवाओं से जुड़ी है।

पुलिस को बताया गया कि कर्मचारियों को ग्राहकों का डेटा मिलता था और वे उन्हें फोन कर एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की पेशकश करते थे। ग्राहक के तैयार होने पर आधिकारिक वेबसाइट के जरिए क्रेडिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया की जाती थी।

राजस्थान पुलिस ने ऑफिस से कुल 83 लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें आगे की जांच के लिए डीग ले जाया गया। इनमें ऑफिस और ट्रेनिंग स्टाफ समेत 43 महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, अभी सभी लोगों की भूमिका और उनकी गतिविधियों की पूरी जांच की जा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हिरासत में लिए गए सभी लोग मामले में आरोपी हैं या नहीं। आगे की कार्रवाई राजस्थान पुलिस की जांच के आधार पर होगी।