चंडीगढ़: 26 जून
पंजाब सरकार ने राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों के कामकाज के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से सभी सरकारी कार्यालय सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुलेंगे। यह आदेश सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, मंडलीय आयुक्तों और उपायुक्त कार्यालयों पर लागू होगा।
इससे पहले सरकार ने 25 मई 2026 से सोमवार से शुक्रवार तक सरकारी दफ्तरों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया था। अब उस व्यवस्था को समाप्त करते हुए सामान्य कार्यालय समय फिर से लागू किया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि संबंधित मामले पर पुनर्विचार के बाद यह निर्णय लिया गया है ताकि सरकारी कामकाज को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाया जा सके। नए आदेश के अनुसार, 1 जुलाई से सभी सरकारी कर्मचारी और अधिकारी सुबह 9 बजे कार्यालय पहुंचेंगे और शाम 5 बजे तक अपनी सेवाएं देंगे।
कार्मिक विभाग ने सभी प्रशासनिक विभागों और जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नए कार्यालय समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, इस आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को भी निर्देश जारी किए गए हैं।




















