Panjab University में 28 वर्षीय PhD स्कॉलर की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई, दो सीनियर अधिकारी सस्पेंड

1

Panjab University PhD scholar Death: चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में 28 साल की PhD स्कॉलर ज्योति की बिजली का झटका लगने से हुई दुखद मौत के बाद, छात्रों ने प्रशासन और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए भारी विरोध किया. वहीं अब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों के विरोध के आगे झुकते हुए बड़ा कदम उठाया है।

यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर के जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, वर्क्स डिपार्टमेंट के दो सीनियर अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है:

1. इंजीनियर लखविंदर सिंह धनोआ (सब-डिविजनल इंजीनियर – इलेक्ट्रिकल / SDE (इलेक्ट्रिकल))

2. इंजीनियर अनिल ठाकुर (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर-II / XEN-II)

जारी आदेशों के मुताबिक, यह सस्पेंशन चल रही जांच पूरी होने तक या अगले आदेश तक लागू रहेगा। इस दौरान, पंजाब यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार दोनों इंजीनियरों के पदों का कामकाज संभालेंगे।

गौरतलब है कि इस दुखद हादसे के बाद, यूनिवर्सिटी के छात्रों में प्रशासन और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भारी रोष था।

छात्र लगातार दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा।

इस बीच, आज सेक्टर 16 अस्पताल में ज्योति का पोस्टमार्टम होने के बाद, परिवार वाले उसका शव उसके गांव ले जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, ज्योति अपनी माइक्रोबायोलॉजी क्लास के लिए गर्ल्स हॉस्टल से निकली थी, तभी पानी से भरे कच्चे रास्ते पर उसे बिजली का झटका लगा और वह गिर पड़ी। साथी छात्र उसे पास के अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।