लोकसभा में पेपर लीक से जुड़ा संशोधन बिल पास, कानून और सख्त, 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान

4

Paper Leak Amendment Bill passed : लोकसभा में आज लंबी बहस और विपक्ष के हंगामे के बीच पेपर लीक से जुड़ा ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 बुधवार को पास हो गया।

लोकसभा में बिल पर मंगलवार को 9 घंटे चर्चा हुई और बुधवार को विपक्ष के हंगामे के बीच बिल पास हुआ। इस बिल के तहत पेपर लीक से जुड़े कानून और सख्त कर दिए हैं। अब इस अपराध में अधिकतम 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

वहीं राज्यसभा में वंदे मातरम् के अपमान को दंडनीय अपराध बनाने वाला विधेयक पास हो गया।

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिल पर 50 मिनट स्पीच दी। उन्होंने इडियट और अंधभक्त जैसे शब्द बोले। फिर कहा कि गृहमंत्री ने दिल्ली में छात्रों पर फायरिंग के आदेश दिए। इसको लेकर सत्तापक्ष ने जमकर हंगामा किया।

राहुल गांधी ने कहा, “देश का भविष्य सड़कों पर उतरा। प्रदर्शन में गुस्सा, नफरत नहीं थी। वे केवल अपनी आवाज उठा रहे थे। अगर भाजपा के मेरे मित्र अपने बच्चों से पूछें कि उनके भाई-बहन जो कर रहे हैं, उसके बारे में वे क्या सोचते हैं, तो उन्हें अपने बच्चों का भी समर्थन ही मिलेगा।’ ”

राहुल बोले- प्रधान का इस्तीफा केवल दिखावा

राहुल ने कहा कि पेपर लीक से छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था शिक्षा मंत्रालय नहीं, बल्कि RSS चला रहा है और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा केवल दिखावा है।