Haryana Monsoon Alert: हरियाणा में मानसून एक्टिव हो गया है। सुबह पंचकूला, अंबाला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, हिसार, फतेहाबाद और गुरुग्राम में बारिश हुई। जींद में बूंदाबांदी हुई। हिसार, पानीपत, सोनीपत और झज्जर में जलभराव हो गया। पानीपत में हॉली पार्क रोड पर बड़े पाइप बारिश के पानी में तैरने लगे।
कुरुक्षेत्र में मकान का लेंटर गिरने से दंपती की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद लेंटर काटकर दोनों के शव बाहर निकाले।
हरियाणा में मंगलवार सुबह रेवाड़ी, झज्जर और जींद में बारिश हुई। झज्जर में कई सड़कों पर पानी भर गया। अंबाला में भी भारी बारिश से जलभराव हो गया. कई इलाकों में सड़कें डूब गई. हालांकि, बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
IMD के अनुसार, मानसून फिर सक्रिय हो गया है और 6 अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मानसून के दो महीने बीतने के बावजूद 21 जिलों में सामान्य से 7% से 68% तक कम बारिश दर्ज की गई है।

























