Bhiwandi Building Collapse : महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंज़िला इमारत गिरी, एक व्यक्ति की मौत, कई फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

13

Bhiwandi Building Collapse :महाराष्ट्र के ठाणे ज़िले के भिवंडी से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। नारपोली के भंडारी कंपाउंड में बनी चार मंज़िला ‘कोहिनूर बिल्डिंग’ का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कई लोग फंसे हो सकते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, नगर निगम और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तेज़ी से बचाव कार्य चल रहा है।

बताया जा रहा है कि हादसा शुक्रवार तड़के हुआ। भिवंडी में लगातार भारी बारिश हो रही है। इसी दौरान ‘कोहिनूर बिल्डिंग’ का एक हिस्सा ढह गया।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौगुले ने बताया कि यह नारपोली के भंडारी कंपाउंड में स्थित ‘कोहिनूर बिल्डिंग’ है। नगर निगम ने इस बिल्डिंग को पहले ही ‘C-कैटेगरी’ (बेहद खतरनाक और जर्जर) घोषित कर दिया था, जिसके बाद इसे खाली करा लिया गया था।

हालांकि, बिल्डिंग खाली होने के बावजूद कुछ मज़दूर ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहे थे। अनुमान है कि मलबे के नीचे करीब 6 से 7 मज़दूर फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य के दौरान NDRF की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। मलबे के नीचे से एक महिला को सुरक्षित और ज़िंदा बाहर निकाला गया है। उसे इलाज के लिए तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।