लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा गैंगस्टर हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

12

हरियाणा का मोस्ट-वांटेड गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर उर्फ ​​हैरी बिश्नोई को अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है। अमेरिकी एजेंसी ICE ने उसे कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया है।

अधिकारियों ने शनिवार जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर, अमेरिकी अधिकारियों ने शुक्रवार रात उसे कैलिफोर्निया से पकड़ा।

अधिकारियों के अनुसार, बॉक्सर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी था और अमेरिका में रहकर गैंग की गतिविधियां चला रहा था। उस पर हत्या और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं उसने सोशल मीडिया और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों को धमकियां भी दी थीं।

बॉक्सर ने इस साल फरवरी में मुंबई के जुहू इलाके में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। इसके अलावा हैरी पर सलमान खान और कपिल शर्मा समेत अन्य बॉलीवुड हस्तियों को धमकी देने का भी आरोप है। कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे में हुई गोलीबारी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।

अधिकारियों के अनुसार, बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट है। वह मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसुर इलाके का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी, जिसके चलते उसे ‘बॉक्सर’ उपनाम मिला।

बिश्नोई गैंग के सदस्य और करीबी सहयोगी हैरी का नाम तब पहली बार सामने आया था, जब उसने पंजाब के तरनतारन जिले में एक सरपंच को धमकी दी थी, जिसके चलते 2023 में विरोध-प्रदर्शन हुए थे।

अपराध की दुनिया में आने से पहले, उसने बॉक्सिंग कोच के तौर पर काम किया था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी की थी।

यह स्पष्ट नहीं है कि वह कब विदेश गया, लेकिन पुलिस को शक है कि वह एक बड़ा नेटवर्क चलाता था और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कामकाज में अहम भूमिका निभाता था। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में कई आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आया है।

कई बॉलीवुड कलाकारों को धमकी देने का आरोप

हैरी बॉक्सर पर बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों को धमकी देने के आरोप हैं। इनमें अभिनेता रणवीर सिंह भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैरी ने रणवीर के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

इसके अलावा, पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया था। हैरी पर सलमान खान और कपिल शर्मा समेत अन्य बॉलीवुड हस्तियों को धमकी देने का भी आरोप है। कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे में हुई गोलीबारी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।

उम्मीद है कि भारतीय एजेंसियां, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की मदद से, उसे भारत लाने (प्रत्यर्पण करने) के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू करेंगी।

इससे पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया गया था। ये दोनों भारत में कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं।