सेनेगल तट के पास प्रवासियों को ले जा रही नाव डूबने से कम से कम 21 लोगों की मौत

10

पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल से एक बड़ी खबर सामने आई है । सेनेगल के तट पर प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के डूबने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार यह नाव प्रवासियों को लेकर स्पेन के कैनरी द्वीप की तरफ जा रही। इसी दौरान नाव समंदर में डूब गई, जिससे कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है। देश के गृह मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

सेनेगल के गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह नाव राजधानी डकार से करीब 180 किलोमीटर उत्तर में केबेमेर के पास समुद्र में पलट गई। शनिवार शाम तक अधिकारियों ने पानी से 21 शव बाहर निकाल लिए हैं। मरने वालों में ज्यादातर स्थानीय केबेमेर इलाके के ही रहने वाले थे।

अबतक सिर्फ एक जीवित बचा

मंत्रालय ने ‘X’ पर एक पोस्ट में बताया कि शनिवार शाम तक एक व्यक्ति जीवित मिला था, और अन्य संभावित जीवित लोगों की तलाश के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं। खोजी अभियान अभी भी जारी है, इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, यह नहीं बताया गया कि नाव पर कुल कितने लोग सवार थे।

संबंधित सरकारी एजेंसियां ​​खोज अभियान जारी रखने, किसी भी जीवित बचे व्यक्ति को बचाने और परिवारों को सहायता प्रदान करने के काम में जुट गई हैं। मंत्रालय ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “सरकार मानव तस्करी के नेटवर्क से निपटने के अपने संकल्प को दोहराती है, खासकर पड़ोसी देशों के साथ सहयोग को मजबूत करके। यह अनियमित प्रवासन (illegal migration) के खतरों को देखते हुए सतर्क रहने का आह्वान करती है और युवाओं को समाज में शामिल होने में मदद करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराती है।”

इसमें आगे कहा गया है कि मंत्री सोमवार, 9 नवंबर को घटनास्थल का दौरा करेंगे, ताकि पीड़ितों के परिवारों और प्रभावित समुदायों के प्रति राज्य की संवेदना और एकजुटता व्यक्त की जा सके।