दिल्ली के स्कूल में 9 वर्षीय छात्रा की क्लासरूम में अचानक गिरने के बाद मौत

7

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज 2 स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह तीसरी कक्षा की नौ साल की एक छात्रा की क्लासरूम के अंदर अचानक आए कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा पड़ने) से मौत हो गई। छात्रा अपनी क्लास टीचर के सामने खड़ी थी, तभी वह अचानक गिर पड़ी। यह पूरी घटना स्कूल के CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस को सुबह करीब 9:52 बजे PCR कॉल मिली, जिसके बाद उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, स्कूल प्रशासन बच्ची को तुरंत निर्माण विहार के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया।

शिक्षक के सामने खड़ी छात्रा अचानक गिर पड़ी

स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. भावना ने बताया कि कक्षा में छात्रा अपने शिक्षक के सामने खड़ी थी, तभी वह अचानक गिर पड़ी। स्टाफ के सदस्य तुरंत उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से उसे किसी बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसे कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ा था।

प्रिंसिपल ने कहा, “हमारे स्टाफ ने छात्रा के परिवार वालों को भी सूचित कर दिया। अस्पताल से हमें बताया गया कि छात्रा को कार्डियक अरेस्ट आया था। इस मामले की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है।”

शुरुआती जांच के दौरान, पुलिस ने क्लासरूम के CCTV कैमरों की फुटेज देखी। एक अधिकारी ने बताया कि वीडियो में छात्रा क्लासरूम के अंदर खड़ी दिखाई दे रही है और वह अपने शिक्षक के पास जाने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक वह गिर पड़ी।

शिक्षक तुरंत उसके पास पहुंचे, उसे उठाया और कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की। छात्रा के आस-पास कई छात्र जमा हो गए, जबकि कुछ सहपाठी स्कूल प्रशासन को सूचित करने के लिए क्लासरूम से बाहर भाग गए।

बच्ची के परिवार ने कहा- तुरंत CPR क्यों नहीं दिया

लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि अच्छी-खासी फीस देने के बावजूद, स्कूल के पास इस तरह की इमरजेंसी से निपटने के लिए सही मेडिकल इंतजाम नहीं थे। उन्होंने यह भी पूछा कि बच्ची के गिरने के तुरंत बाद उसे CPR क्यों नहीं दिया गया।

परिवार के सवाल पर प्रिंसिपल ने कहा कि स्टाफ को शुरू में लगा कि बच्ची के बेहोश होने का कारण चेहरे पर लगी चोट हो सकती है। वे उसकी हालत का कोई और कारण नहीं सोच सके। इसलिए उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया।

घटना की जांच चल रही है। पुलिस ने बताया कि जांच के तहत वे बच्ची के माता-पिता और स्कूल के संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज करेंगे।