विशाखापत्तनम की तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाका, दूर तक दिखीं ऊंची लपटे और धुएं का गुबार

14

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सोमवार रात एक ऑयल रिफाइनरी में जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में भीषण आग लग गई। यह धमाका हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की इकाई में हुआ, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घने धुएं ने आसपास के इलाके को घेर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग क्रूड प्रोसेसिंग यूनिट-3 के सल्फर पिच टैंक में लगी थी। विशाखापट्टनम के पुलिस कमिश्नर शंखब्रत बागची ने घटना की पुष्टि की और कहा कि आग टैंक तक ही सीमित है और इससे रिफाइनरी के दूसरे हिस्सों को कोई खतरा नहीं है।

माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ‘X’ (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) पर कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें आसपास के इलाकों में ऊंची लपटें और घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है। आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

धमाका किस वजह से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन स्थिति को काबू में लाने के लिए HPCL और दमकल विभाग की कई टीमों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और धुएं से किसी बड़े खतरे की आशंका भी नहीं है।

उन्होंने यह भी बताया कि आग ठीक तेल रिफाइनरी की ‘रेसिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी’ (RUF) में लगी।

विजाग पुलिस कमिश्नर शंखब्रत बागची ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “विजाग की HPCL फैसिलिटी में आग लग गई, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।” घटना के बारे में और जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।