नेपाल के सोलुखुम्बु में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराए; एक भारतीय नागरिक की मौत,

13

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य यात्री घायल हो गया। टक्कर तब हुई जब दोनों हेलीकॉप्टर लैंड कर रहे थे। यह घटना मंगलवार सुबह सोलुखुम्बु जिले की खुम्बु पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 4 में फेरिचे (Pheriche) में लैंडिंग के दौरान हुई।

जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर सुबह करीब 8:11 बजे आपस में टकरा गए।

नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए।

प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर आपस में टकरा गए थे। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

फेरिचे, काठमांडू से 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में माउंट एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते में स्थित है।

सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नबिनराज बुढाथोकी के अनुसार, यह दुर्घटना तब हुई जब खुम्बु पासांग ल्हामु के फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर एक-दूसरे से टकरा गए।

मृतक की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। शव को प्रभु एयर के एक हेलीकॉप्टर से लुकला लाया गया।

घायल यात्री की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं।