केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पहुंचेंगे चंडीगढ़ , कई परियोजनाओं की देंगे सौगात

46
Dibrugarh: Amit Shah Lays Foundation Stone of Development Projects

चंडीगढ़: पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज चंडीगढ़ पहुंचेंगे। उनका यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है। अमित शाह चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वह चंडीगढ़ को करीब 258 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ पुलिस की उपलब्धियों, आधुनिक पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

इस दौरे का सबसे अहम आकर्षण चंडीगढ़ पुलिस का 60वां स्थापना दिवस समारोह रहेगा। सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमित शाह पुलिस परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इसके साथ ही वह चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान प्रदान करेंगे। यह सम्मान पुलिस बल की उत्कृष्ट सेवाओं और उपलब्धियों के लिए दिया जाता है। पुलिस बेड़े में शामिल किए जा रहे 141 नए वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।

इसके बाद गृह मंत्री सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह करीब 258 करोड़ रुपये की नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें 80 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं का उद्घाटन और 178 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इन परियोजनाओं को मिलेगी सौगात

उद्घाटन होने वाली परियोजनाओं में सारंगपुर का 12 करोड़ रुपये की लागत से बना सरकारी हाई स्कूल और 68 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रायपुर कलां का सीटीयू बस डिपो शामिल है। वहीं, धनास में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लिए 192 आवास, पंजाब यूनिवर्सिटी से पीजीआई तक पैदल सबवे, सेक्टर-49 में नया पुलिस स्टेशन, सीसीईटी में बॉयज हॉस्टल और सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का अपग्रेडेशन जैसी परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी। शहर के प्रवेश मार्गों पर 15 सुरक्षा चौकियां बनाने की योजना भी इसमें शामिल है।

गौरतलब है कि अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। हाल ही में पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग भी तेज हुई है। ऐसे में अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे के दौरान उनके राजनीतिक संबोधन और पंजाब को लेकर दिए जाने वाले संदेश पर भी सबकी नजर रहेगी।