दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क (कस्टम्स) अधिकारियों ने सोने की तस्करी के आरोप में दो यात्रियों को पकड़ा है। उनके पास से सोने की दो चेन बरामद की गईं, जिनका कुल वजन 332 ग्राम है। इन चीजों की अनुमानित कीमत 47.38 लाख रुपये है। ये दोनों यात्री शारजाह से दिल्ली आए थे।
अधिकारियों के अनुसार, 26 अक्टूबर को टर्मिनल 3 पर इन दोनों यात्रियों को तब रोका गया, जब वे ‘ग्रीन चैनल’ पार कर चुके थे। उनके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए कस्टम्स अधिकारियों ने उनकी जांच की।
तलाशी के दौरान, उनके भीतरी कपड़ों से सोने की दो चेन बरामद हुईं। इन्हें काले टेप और कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाया गया था। बरामद की गई चेन 999 शुद्धता वाले सोने की बनी हैं और इनका कुल वजन 332 ग्राम है।


























