Karnataka Nandini milk price hike: कर्नाटक ने नंदिनी दूध की कीमतें 8 रुपये प्रति लीटर बढ़ाईं, जानें कब से लागू होंगी नई दरें

4

कर्नाटक में दूध खरीदने वाले लोगों के जेब पर मंहगाई की मार लगने वाली है. राज्य सरकार ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. बढ़ी हुई नई कीमतें 1 नवंबर से लागू होंगी। सरकार के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी का मुख्य उद्देश्य दूध उत्पादक किसानों को आर्थिक राहत देना।

बता दे कि कर्नाटक कैबिनेट ने गुरुवार को फैसला किया कि 1 नवंबर से दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने यह घोषणा की। इस बढ़ोतरी में से 7 रुपये प्रति लीटर दूध उत्पादक किसानों को मिलेंगे, जबकि बाकी 1 रुपया दुग्ध सहकारी समितियों को दिया जाएगा।

गौड़ा ने बताया कि यह फैसला किसानों और दुग्ध सहकारी समितियों की मांग पर लिया गया है। दूध उत्पादकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके चलते उन्होंने कीमतों में बढ़ोतरी की मांग की थी। उन्होंने आगे कहा कि कैबिनेट ने इस मुद्दे पर दो-तीन बार चर्चा की और फिर सर्वसम्मति से कीमतों में इस बदलाव को मंजूरी दे दी।

कर्नाटक ने दूध की कीमतें क्यों बढ़ाई हैं?

इस फैसले के बारे में बताते हुए गौड़ा ने कहा कि विधान परिषद में सभी दलों के सदस्यों ने किसानों की मदद के लिए कदम उठाने की मांग की थी। दूध उत्पादकों ने भी कीमतें बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था, जबकि डेयरी सहकारी समितियों ने सरकार पर दरों में बदलाव करने का दबाव डाला था। मंत्री ने कहा, “किसानों के सामने आए संकट को देखते हुए, विधान परिषद में सभी दलों के सदस्यों ने उनकी मदद के लिए कदम उठाने की मांग की थी। दूध उत्पादकों ने खुद सड़कों पर उतरकर विरोध किया था और सहकारी समितियों ने भी कीमतें बढ़ाने का दबाव डाला था।”

इस बढ़ोतरी के बाद दूध उत्पादक किसानों को कितनी रकम मिलेगी?

गौड़ा के अनुसार, कर्नाटक में दूध उत्पादक किसानों को अभी लगभग 35 रुपये प्रति लीटर मिलते हैं, इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से 5 रुपये प्रति लीटर का प्रोत्साहन (इंसेंटिव) भी दिया जाता है। नई दरों के लागू होने के बाद, किसानों को मिलने वाली कीमत 35 रुपये से बढ़कर 42 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। सरकार की ओर से मिलने वाला 5 रुपये प्रति लीटर का मौजूदा प्रोत्साहन पहले की तरह जारी रहेगा। इसका मतलब यह है कि इस बदलाव के बाद, सरकारी प्रोत्साहन को मिलाकर दूध उत्पादक किसानों को कुल 47 रुपये प्रति लीटर मिलेंगे। मंत्री ने कहा कि इस फैसले से पूरे कर्नाटक में लाखों किसान परिवारों को फायदा होगा।

दूध की नई कीमतें कब से लागू होंगी?
दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी 1 नवंबर से लागू होगी। इस बढ़ोतरी में से 7 रुपये किसानों को दिए जाएंगे और 1 रुपया सहकारी समितियों को जाएगा।

सरकार ने इस कदम को दूध उत्पादकों और सहकारी समितियों की मांगों पर की गई कार्रवाई बताया है। किसानों ने 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन विचार-विमर्श के बाद कैबिनेट ने 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी तय की।