महाराष्ट्र में ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर; 7 लोगों की मौत

7

महाराष्ट्र के अमरावती ज़िले में समृद्धि हाईवे पर आज शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने पीछे से एक पिकअप वैन को टक्कर मार दी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिकअप वैन में श्रद्धालु देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रहे थे। पिकअप की रफ्तार कम थी और उसके पीछे ट्रॉली लगी हुई थी। इसी दौरान, पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने ट्रॉली को ज़ोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि ट्रॉली पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। सभी घायलों को इलाज के लिए वर्धा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पिकअप और उससे जुड़ी ट्रॉली की धीमी गति के कारण ट्रक ड्राइवर स्थिति का सही अंदाज़ा नहीं लगा पाया, जिससे यह हादसा हुआ।