ट्रंप ने ईरान के 7 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को ठुकराया, मिडटर्म चुनाव के बाद दोबारा हमले की तैयारी!

7

मिडटर्म चुनाव के बाद अमेरिका ईरान पर दोबारा हमले कर सकता है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शनिवार को रिपोर्ट दी कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के सात दिन के युद्धविराम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दी गई इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सहयोगियों से कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि नवंबर के अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर बमबारी फिर से शुरू हो जाएगी।

UNGA में ईरान पर ट्रंप ने क्या कहा

यह खबर इस हफ्ते की शुरुआत में UN जनरल असेंबली में दिए गए ट्रंप के भाषण के दौरान ईरान को पूरी तरह खत्म करने की खुली धमकी के बाद सामने आया है।

ट्रम्प ने 22 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा, “मुझे एक बड़ा फ़ैसला लेना है। क्या ईरान के साथ कोई ऐसा समझौता होगा जिससे वे फिर से खड़े हो सकें और पहले से कहीं ज़्यादा बेहतर देश बन सकें? शायद मध्य पूर्व या दुनिया के सबसे महान देशों में से एक। या फिर मैं इस्लामिक रिपब्लिक को पूरी तरह खत्म कर दूँ, और वह भी जल्दी से, ताकि उन्हें दोबारा लोगों और देशों को मारने और बर्बाद करने का मौका ही न मिले? लेकिन मेरा मानना ​​है कि चुनाव के ठीक बाद हम कोई समझौता कर लेंगे, क्योंकि उनके लिए ऐसा न करने का कोई मतलब नहीं बनता।”

ईरान ने जंग रोकने के लिए 7 दिन का एक प्लान पेश किया

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने गुरुवार को कहा कि ईरान ने जंग रोकने के लिए सात दिन का प्लान पेश किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्लान में होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने और फिर ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक बातचीत शुरू करने की कोशिश भी शामिल होगी।

इसके अलावा, अरागची ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि यह प्रस्ताव उसी MoU (समझौता ज्ञापन) जैसा है जो इस साल जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुआ था।

उन्होंने कहा, “हमने मध्यस्थों के ज़रिए अमेरिका के सामने एक योजना रखी है कि अगर कुछ शर्तें पूरी हो जाती हैं, तो सातवें दिन के आखिर तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोल दिया जाएगा और बातचीत फिर से शुरू हो जाएगी… बेहतर होगा कि अमेरिका के मिडटर्म चुनावों से पहले ही कोई समझौता हो जाए।”
ॉॉ