— आठ महीनों में पुलिस टीमों ने 37 हज़ार व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की, 1,858 भगोड़े अपराधियों को भी किया गिरफ्तार: विशेष डीजीपी प्रवीण सिन्हा
— लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से गैंगस्टरों संबंधी जानकारी दे सकते हैं
— ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 568वें दिन 57.6 किलोग्राम हेरोइन सहित 96 नशा तस्कर काबू
चंडीगढ़: ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के आठ महीने पूरे होने पर पंजाब पुलिस ने अभियान की शुरुआत से अब तक राज्यभर में 1.34 लाख छापेमारियां कर गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों सहित कुल 72,311 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी। सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), पंजाब के समन्वय से गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण सिन्हा ने बताया कि पुलिस टीमों ने गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के कब्जे से 1,224 हथियार, 3,555 जिंदा कारतूस, 377 मैगजीन, 263 तेजधार हथियार और 15 हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
इसके अलावा, 37,652 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई शुरू की गई है, जबकि 18,818 व्यक्तियों से पूछताछ एवं सत्यापन के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने आगे बताया कि अभियान की शुरुआत से अब तक पुलिस टीमों ने 1,858 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
243वें दिन पुलिस टीमों ने 548 छापेमारियां करने के बाद 262 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि 164 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई और चार भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
विशेष डीजीपी ने कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान उसी उत्साह के साथ जारी रहेगा।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंधित जानकारी गुप्त रूप से दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में सुझाव भी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ भी 568वें दिन जारी रखते हुए आज 96 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 57.6 किलोग्राम हेरोइन, 3 किलोग्राम पोस्त, 5,160 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 1,550 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही महज 568 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 78,462 तक पहुंच गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 14 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया।

























