Himachal Pradesh Weather Update: हिमाचल के नाहन में आज स्कूल-कॉलेज बंद, भारी बारिश का अलर्ट

3

Himachal Pradesh Weather Update: हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सिरमौर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि चंबा, कुल्लू, सोलन और कांगड़ा समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को नदी-नालों और लैंडस्लाइड संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में मानसून अगले छह दिन सक्रिय रहने की संभावना है। अब तक राज्य में सामान्य से 6% कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 जुलाई को भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

हिमाचल के नाहन में आज स्कूल-कॉलेज बंद

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन सब-डिवीजन में बुधवार को भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते सभी सरकारी-निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि पहले से तय परीक्षाएं अपने निर्धारित समय पर होंगी।

मौसम विभाग ने क्षेत्र में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है और सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।