चंडीगढ़, 25 जुलाई: पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्यभर में 25 जुलाई से 27 जुलाई के बीच 100 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए जाएंगे। इन क्लीनिकों का उद्घाटन कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं द्वारा विभिन्न जिलों में किया जाएगा।
इन 100 नए क्लीनिकों के शुरू होने के साथ ही पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो जाएगी। इनमें 73 क्लीनिक शहरी क्षेत्रों और 27 क्लीनिक ग्रामीण इलाकों में स्थापित किए गए हैं, जिससे शहरों के साथ-साथ गांवों में भी लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध होंगी।
सरकार के अनुसार, प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में 107 आवश्यक दवाइयां और 47 प्रकार के डायग्नोस्टिक टेस्ट पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा प्रशिक्षित डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
आम आदमी क्लीनिक योजना को पंजाब में लोगों का व्यापक समर्थन मिला है। अब तक इन क्लीनिकों में 5.90 करोड़ से अधिक ओपीडी (OPD) सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं, जबकि 3.43 करोड़ से अधिक मुफ्त डायग्नोस्टिक टेस्ट किए जा चुके हैं। इससे लाखों परिवारों का इलाज का खर्च कम हुआ है और लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि आम आदमी क्लीनिकों के विस्तार का उद्देश्य हर नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े





















