राजधानी दिल्ली से एक बार फिर बिल्डिंग का ढांचा गिरने का मामला सामने आया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मिलान गार्डन में एक इमारत का कुछ हिस्सा ढह गया, जिसमें कम से कम दो लोगों की मौत की खबर है। अधिकारियों ने बताया कि मलबे में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम दिल्ली के हर्ष विहार में एक इमारत का कुछ हिस्सा ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। यह घटना सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत के ढहने के डेढ़ महीने बाद हुई है, जिसमें सात लोगों की जान चली गई थी।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, यह घटना रविवार शाम 6:40 बजे हर्ष विहार थाना क्षेत्र के मिलान गार्डन में हुई। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। यह घटना तब हुई जब एक पुराने घर के ऊपर एक नई मंजिल का निर्माण किया जा रहा था।
निर्माण कार्य के दौरान, पुरानी छत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे उसके ऊपर डाली गई नई स्लैब भी गिर गई और दो लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना के तुरंत बाद, फायर ब्रिगेड, पुलिस, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) और दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की टीमें मौके पर पहुंच और बचाव अभियान (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू किया।























