Chandigarh News: संयुक्त किसान मोर्चा (चंडीगढ़) ने अपनी मुख्य मांगों को लेकर चंडीगढ़ बीजेपी अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपा है। किसान नेताओं ने चंडीगढ़ के किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए हैं और भारत सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किए जा रहे व्यापार समझौते पर गंभीर चिंता जताई है। संयुक्त किसान मोर्चा ने मांग की है कि भारत सरकार और अमेरिका के बीच हो रहे व्यापार समझौते को तुरंत रद्द किया जाए और इस फैसले को वापस लिया जाए।
चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की गई है कि लैंड पूलिंग पॉलिसी लागू करने से पहले गांवों के किसानों की सहमति ली जाए। किसानों का कहना है कि इस मुद्दे पर उनकी मांगों और आपत्तियों को सुना जाना चाहिए। साल 2021 में, जब दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन चल रहा था, तब चंडीगढ़ में भी किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा किसानों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।
चंडीगढ़ के गांवों की शामलात ज़मीन को नगर निगम के नाम ट्रांसफर करने के चंडीगढ़ प्रशासन के आदेशों को तुरंत वापस लेने की मांग की गई है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर किसानों की इन जायज़ मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे अपने विरोध प्रदर्शन को और तेज़ करने के लिए मजबूर होंगे।

















