Diljit Dosanjh News: दिल्ली में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में उतरे दिलजीत दोसांझ, बोले ‘मुझे फिर से ‘देशद्रोही’ कहा जाएगा…’,

5

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन का सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने समर्थन किया है. सोमवार को संसद मार्च में छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज पर दिलजीत का गुस्सा फूट पड़ा है। बता दे कि दिलजीत दोसांझ ने जहां कुछ दिनों पहले कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन पर कहा था कि उन्हें इससे दूर रखा जाए, तो वहीं अब उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर रिएक्ट किया है।

दिलजीत दोसांझ ने छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में उतरे

दिलजीत दोसांझ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दिल्ली में चल रहे छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में एक नोट शेयर किया है और अधिकारियों से उनकी मांगें सुनने की अपील की है।

उन्होंने पंजाबी में लिखा, “आज जो हुआ वह बहुत बुरा है… छात्रों के साथ ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए था। मैं अथॉरिटीज से रिक्वेस्ट करता हूं कि छात्रों की मांगों को सुन लिया जाए। जनता की आवाज रब दी आवाज होती है।’

उन्होंने आगे कहा, “मुझ पर तो पहले ही देशद्रोही का टैग बहुत बार लग चुका। अभी भी मुझे देशद्रोही ही कहा जाएगा। किसानों के विरोध-प्रदर्शन के बाद, मुझे काफी आलोचना और कानूनी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिनके बारे में मैं बात भी नहीं कर सकता। बाकी सब भगवान के हाथ में है। बाबा सब पर कृपा बनाए रखें।”

दिलजीत दोसांझ की ये बातें छात्रों के चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच आई हैं, जिनमें एक्टर ने टकराव के बजाय बातचीत करने की अपील की है। एक्टर ने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाई और माना कि अहम लेकिन विवादित मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने पर अक्सर आलोचना का सामना करना पड़ता है।

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर ‘ कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संसद मार्च के दौरान दिल्ली में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प के बाद केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के साथ बैठक के बावजूद, CJP नेताओं ने साफ़ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक धरना और विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।

बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए

सोमवार को सेंट्रल दिल्ली में जमा हुए हज़ारों प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। हिंसक झड़पों और तोड़-फोड़ में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए, जबकि पुलिस ने 100 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। यह विरोध प्रदर्शन 2019 के नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) विरोधी प्रदर्शनों की याद दिलाता है। 20 जून को धरना शुरू होने के बाद से यह पहला मौका था जब केंद्र सरकार ने CJP नेताओं के साथ औपचारिक बातचीत की।

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने CJP के प्रतिनिधियों सौरव दास और आशुतोष रांका से मुलाकात की। उन्होंने नड्डा को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग भी शामिल थी। सरकार ने ज्ञापन पर विचार करने का भरोसा दिलाया है और धरना खत्म करने की अपील की है। दूसरी ओर, जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है, ने घोषणा की है कि उनकी भूख हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक युवा नेताओं को संसद में सांसदों (MP) से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती या सांसद खुद अस्पताल आकर उनसे नहीं मिलते।