मनाली में CBI का बड़ा एक्शन, MES इंजीनियर 93 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

5

मनाली:

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (MES) के एक सहायक गैरीसन इंजीनियर (सिविल) को 93,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान केके सोनी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई की शिमला इकाई को एक ठेकेदार ने शिकायत दी थी कि उसका लंबित बिल जारी करने के बदले इंजीनियर रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद सीबीआई ने ट्रैप बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 93,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एजेंसी अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के कार्यकाल के दौरान इसी तरह के अन्य मामलों में भी अनियमितताएं या भ्रष्टाचार हुआ था या नहीं। इसके लिए उसके आधिकारिक रिकॉर्ड और अन्य कार्यों की भी जांच की जाएगी।

सीबीआई की इस कार्रवाई को सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के आधार पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।