राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई, लेकिन एक भी एफआईआर नहीं हुई- केजरीवाल

22

नई दिल्ली, 21 जून 2026:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चंदा और चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े इस मामले में अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर में करोड़ों हिंदुओं की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे पवित्र स्थल से करोड़ों रुपये के चंदे और बहुमूल्य आभूषणों के कथित रूप से गायब होने की खबरें सामने आई हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और केंद्र दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, इसके बावजूद न पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है और न ही ईडी या सीबीआई की ओर से कोई कार्रवाई देखने को मिली है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इस मामले में किसे बचाने की कोशिश की जा रही है।

केजरीवाल ने दावा किया कि इस मामले में बड़े प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने की चर्चा है और यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को यह तय करना होगा कि वह सत्ता बचाना चाहती है या करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था।

उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस कथित घोटाले में शामिल लोग चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।

केजरीवाल ने कहा कि करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं और आस्था की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।