अयोध्या में नया इतिहास: बने दो गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड

23

अयोध्या 20 Oct 2025 Fact Recorder

National Desk : दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या ने एक बार फिर विश्व रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए नौवें दीपोत्सव के दौरान सरयू घाट पर 26,17,215 दीये जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। इसके साथ ही 2,128 वेदाचार्यों, पुजारियों और साधकों ने एक साथ सरयू मइया की महाआरती की, जो दूसरा विश्व रिकॉर्ड बना।

पिछले साल की तुलना में, 2024 में अयोध्या में 25,12,585 दीये जलाए गए थे, जबकि इस बार योगी सरकार ने उस रिकॉर्ड को तोड़कर नया मील का पत्थर स्थापित किया।

गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद थे। ड्रोन के ज़रिए की गई गिनती के बाद उन्होंने पुष्टि की कि यह दुनिया का सबसे बड़ा दीप प्रज्वलन समारोह है।

इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, उसके संबद्ध कॉलेजों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वैच्छिक संगठनों, संतों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई।

जैसे ही रिकॉर्ड बनने की घोषणा हुई, पूरी अयोध्या “जय श्री राम” के जयकारों से गूंज उठी। समारोह के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने गिनीज़ प्रमाणपत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट किए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों प्रमाणपत्र ऊपर उठाकर सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तर प्रदेश और देश के लिए गर्व का क्षण है।