आज पंजाब के राजपुरा-सरहिंद रेलवे सेक्शन पर सराय बंजारा गांव के पास अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक पैसेंजर ट्रेन के तीन डिब्बों में अचानक आग लग गई। हालांकि, रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ के कारण, ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग
मिली जानकारी के अनुसार, जिस ट्रेन में आग लगी, वह कर्मभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12507) है। कर्मभूमि एक्सप्रेस में आज दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगी. ये घटना राजपुरा से लगभग 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई. ट्रेन के इंजन की तरफ से 5वें कोच में आग लगने की सूचना मिली. इसके बाद ट्रेन को सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास मध्य सरहिंद-राजपुरा के बीच रोक दिया गया. फिलहाल ट्रेन बसंतपुरा रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई है. इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है.
बता दे कि यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर साहिब पहुंची थी और आज वापसी की यात्रा पर थी। शेड्यूल के अनुसार, इस ट्रेन का अंबाला में ठहराव है, लेकिन राजपुरा में इसका कोई निर्धारित स्टॉप नहीं है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.
घटना की सूचना मिलते ही, राजपुरा के डीएसपी मंजीत सिंह, सदर एसएचओ कृपाल सिंह मोही और अन्य वरिष्ठ पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन और सुरक्षा बल भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकल आने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।
























