पंजाब-चंडीगढ़ में 6 जून तक ऑरेंज अलर्ट, 60 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; कई जिलों में बारिश के आसार

1

चंडीगढ़, 4 जून:

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने 4 से 6 जून तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 6 जून के बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि फिलहाल लोगों को हीट वेव से राहत मिलेगी।

 

तापमान में मामूली बढ़ोतरी, फरीदकोट सबसे गर्म

 

जून की शुरुआत के साथ गर्मी ने दोबारा असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में पंजाब के औसत तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

 

आज पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना

 

मौसम विभाग के अनुसार 4 जून को पंजाब के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। 5 जून से बारिश की गतिविधियां पश्चिमी जिलों में कम होकर धीरे-धीरे पूर्वी क्षेत्रों की ओर शिफ्ट होंगी। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश की संभावना है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 35 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

 

जून में अब तक 23 फीसदी कम बारिश

 

राज्य में जून माह के पहले तीन दिनों में औसतन 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 1.5 मिमी की तुलना में 23 प्रतिशत कम है।

 

पिछले 24 घंटों में अमृतसर में 7.8 मिमी, तरनतारन में 4.7 मिमी, गुरदासपुर में 3.8 मिमी, फिरोजपुर में 2.2 मिमी और फरीदकोट में 0.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और होशियारपुर समेत कई जिलों में बारिश नहीं हुई।

 

हालांकि 1 से 3 जून के आंकड़ों के अनुसार अमृतसर में सामान्य से 460 प्रतिशत, तरनतारन में 200 प्रतिशत और फिरोजपुर में 175 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर पठानकोट, जालंधर, मोहाली और संगरूर सहित कई जिलों में अब तक बारिश नहीं हुई है।

 

मानसून की रफ्तार बढ़ी, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

 

इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रह सकता है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना बनी रहेगी।

 

अगले तीन दिनों का मौसम अपडेट

5 जून

फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

 

6 जून

फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा और फरीदकोट के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी है।

 

7 जून

राज्य में किसी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।